सरूप चंद सिंगला बोले—वादा था खत्म करने का, अब बढ़ा रही प्रॉपर्टी टैक्स
— भाजपा नेता ने कानून व्यवस्था और नशा मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

बठिंडा: भारतीय जनता पार्टी के शहरी जिला प्रधान सरूप चंद सिंगला ने प्रॉपर्टी टैक्स में 5 प्रतिशत वृद्धि को लेकर आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले अपने घोषणा पत्र में प्रॉपर्टी टैक्स खत्म करने का वादा किया था, लेकिन अब इसके उलट टैक्स बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
सिंगला ने कहा कि प्रदेश में पहले ही प्रॉपर्टी टैक्स काफी अधिक है और सरकार की ओर से व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसके चलते प्रदेश भर में व्यापार जगत मंदी की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों और व्यापारियों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें अपने शोरूम का किराया देना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में प्रॉपर्टी टैक्स में 5 प्रतिशत की वृद्धि उनके कारोबार पर और नकारात्मक असर डालेगी।
उन्होंने सरकार से जोरदार मांग की कि इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस ले, अन्यथा भाजपा सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने के लिए मजबूर होगी।
सिंगला ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। इसके साथ ही नशे के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार नशे के खिलाफ युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान चलाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग के कुछ अधिकारी ही नशा तस्करी में लिप्त पाए जा रहे हैं। उन्होंने अमृतसर जिले के एक थाने में थाना प्रभारी से 2 किलो चिट्टा बरामद होने की घटना का हवाला देते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून के रखवाले ही इस तरह के अवैध कार्यों में शामिल होंगे, तो राज्य से नशा खत्म करने के दावे कैसे सफल हो सकते हैं। सिंगला ने कहा कि सरकार को तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके




