भाजपा ने भी खोला चुनावी मोर्चा, नगर निगम चुनाव में दोबारा मतगणना की उठाई मांग
— डीसी से लेकर हाई कोर्ट तक लड़ेंगे लड़ाई, 14 जीत रहे प्रत्याशियों को हराने का लगाया
बठिंडा, 2 जून। नगर निगम चुनाव के नतीजों को लेकर शिरोमणि अकाली दल के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी संघर्ष का रास्ता अपनाने का ऐलान कर दिया है। भाजपा के शहरी जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला ने मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान बड़े स्तर पर धांधली की गई, जिसके चलते भाजपा के जीत रहे प्रत्याशियों को जानबूझकर पराजित घोषित किया गया।
सरूप सिंगला ने कहा कि भाजपा पहले जिला उपायुक्त (डीसी) के समक्ष दोबारा मतगणना की मांग रखेगी। यदि वहां से न्याय नहीं मिला तो पार्टी पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिला और पार्टी को शहर भर से लगभग 25 हजार वोट प्राप्त हुए, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के नेताओं के दबाव के कारण चुनाव परिणाम प्रभावित किए गए।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मतगणना के दिन सुबह करीब 11 बजे तक भाजपा, आजाद उम्मीदवारों और अन्य विपक्षी दलों के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए थे। यह स्थिति देखकर जिला प्रशासन और सत्तारूढ़ दल के नेताओं में बेचैनी फैल गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया को अचानक रोक दिया गया और दोपहर करीब ढाई बजे पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सिंगला ने आरोप लगाया कि मतगणना रुकने के दौरान गिनती में लगे महिला कर्मचारियों को हटाकर उनकी जगह नया पुरुष स्टाफ नियुक्त किया गया। इसके बाद मतगणना के दौरान बड़े पैमाने पर वोटों में हेराफेरी की गई और भाजपा उम्मीदवारों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर भाजपा प्रत्याशियों ने दोबारा मतगणना की मांग भी की, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 14 ऐसे उम्मीदवार थे जो चुनाव जीत रहे थे, लेकिन कथित धांधली के जरिए उन्हें हार का सामना करना पड़ा। सिंगला ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने विपक्षी दलों के प्रत्याशियों को हराने तथा अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए मतगणना प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी अपने सभी प्रभावित उम्मीदवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और 14 प्रत्याशियों के साथ हुए कथित अन्याय के खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए वोटों की दोबारा गिनती बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर नगर निगम चुनाव लड़ने वाले भाजपा के सभी प्रत्याशी तथा पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो पार्टी न्यायिक स्तर पर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।




