जिला जेल में सुरक्षा कर्मियों की नशा तस्करी पर सरूप सिंगला नहीं जताई गहरी चिंता
— जब रक्षक ही बन जाएं नशा तस्कर तो कैसे लगेगी लगाम : सरूप सिंगला
— मैहना बस्ती की महिलाओं ने भी उठाई सरेआम बिक रहे नशे की आवाज

बठिंडा। भारतीय जनता पार्टी के शहरी जिला प्रधान सरूप चंद सिंगला ने बठिंडा जिला जेल में सुरक्षा कर्मियों द्वारा कैदियों तक नशा पहुंचाने के मामले पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि जब सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले ही नशा तस्करी में शामिल पाए जाएं तो प्रदेश में नशे पर लगाम लगने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है और अब इसका जाल गली-मोहल्लों से लेकर जेलों तक फैल चुका है।
सिंगला ने कहा कि जिला जेल में सुरक्षाकर्मियों का नशा तस्करी करते पकड़ा जाना इस बात का प्रमाण है कि सरकार की कथित “नशा विरोधी मुहिम” केवल कागजों तक सीमित रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार नशे के मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और प्रशासनिक तंत्र भी इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल दिखाई दे रहा है।
भाजपा नेता ने बठिंडा की मैहना बस्ती का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां आयोजित एक सभा के दौरान महिलाओं ने आम आदमी पार्टी के नेता को खुलकर बताया कि उनकी बस्ती में सरेआम नशा बिक रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने आम आदमी पार्टी के नेता एवं कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन अमरदीप सिंह राजन के समक्ष यह शिकायत रखी कि पुलिस प्रशासन नशा रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। महिलाओं की शिकायत पर अध्यक्ष ने वहीं पर सबके सामने एसएसपी को फोन लगाया लेकिन एसएसपी ने उनका फोन भी नहीं उठाया। जिससे पता चलता है की पुलिस प्रशासन को आप के नेताओं की कितनी परवाह है।
सिंगला ने कहा कि नशे की खुलेआम बिक्री के कारण कई परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं। युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और माताओं-बहनों में भय व असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि नशा तस्करों, उन्हें संरक्षण देने वालों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पंजाब को इस गंभीर संकट से बाहर निकाला जा सके।
kalyantvpunjab




